यवतमाल | परिवहन विभाग में कथित भ्रष्टाचार और आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर अब विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। नगरसेवक एवं प्रहार जनशक्ति पार्टी के जिला प्रमुख विपिन अनिल चौधरी ने उपप्रादेशिक परिवहन अधिकारी को पत्र सौंपकर गंभीर आरोप लगाए हैं और जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पत्र में बताया गया है कि परिवहन कार्यालय में कामकाज के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है और भ्रष्टाचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसके चलते नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
प्रमुख आरोप और मांगें:
वाहन मालिकों को बेवजह परेशान कर अतिरिक्त दंड वसूला जा रहा है।
कुछ मामलों में ‘जी नंबर’ के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत।
अवैध परिवहन और तस्करी करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग।
विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच कर निलंबन की मांग।
छोटे वाहनों (टाटा एस जैसे) को अनावश्यक रूप से परेशान न करने की मांग।
नियमों के तहत पारदर्शी कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात।
नगरसेवक विपिन चौधरी ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा है कि यदि इन मुद्दों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो प्रहार जनशक्ति पार्टी की ओर से आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।