Article Body
वणी से आशीष खरोले की रिपोर्ट – वणी नगर परिषद के पूर्व नगरसेवक राजू डफ उर्फ राजेश वामनराव डफ (उम्र 54 वर्ष) का बुधवार दोपहर एक दुर्दैवी सड़क हादसे में निधन हो गया। यह हादसा झरीजामणी–शेकापूर मार्ग पर मुच्ची गांव के पास हुआ, जहां उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे फिसल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू डफ सुबह किसी काम से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से झरीजामणी गए थे। काम पूरा कर लौटते समय दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे एक मोड़ पर बाइक से नियंत्रण खो बैठने के कारण वे सड़क किनारे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पाटण पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को झरी ग्रामीण अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
राजू डफ अपने मिलनसार स्वभाव और बड़े मित्र-परिवार के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। हाल ही में संपन्न नगर परिषद चुनाव में वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की ओर से नगरसेवक पद के उम्मीदवार रहे थे।
उनके निधन से वणी शहर में शोक और संवेदना का माहौल है। वे अपने पीछे पत्नी, एक बेटी, एक बेटा, भाई और बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। नागरिकों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और परिचितों द्वारा उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की जा रही है।

Comments