वणी (यवतमाल): केंद्र व राज्य सरकार की मजदूर, किसान तथा भांडवलदार समर्थक नीतियों के विरोध में गुरुवार को आयोजित देशव्यापी बंद को वणी शहर में व्यापक समर्थन मिला। कामगार, कर्मचारी संगठनों की संयुक्त क्रुति समिति तथा संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर मोर्चा निकाला।
इस आंदोलन में भारतीय कम्युनिस्ट पक्ष, आयटक, किसान संगठन, प्रहार जनशक्ति पक्ष तथा संभाजी ब्रिगेड सहित कई संगठनों ने सहभाग लिया। शहर के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से मोर्चा निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मोर्चे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपविभागीय अधिकारियों को विभिन्न मांगों को लेकर निवेदन सौंपा। आंदोलन में भाकपा के अनिल हेपट, अनिल घोटे, किसान संगठन के देवराव धांडे, दशरथ बोबडे, प्रहार जनशक्ति पक्ष के सतीश देशकर, रघुवीर कारेकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
साथ ही यूनियन आयटक की अर्चना कडू, सुचिता निवडिंग, अनीता जाधव सहित कई महिला पदाधिकारी भी मोर्चे में शामिल हुईं। आंदोलन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखी गई।
आयोजकों ने कहा कि मजदूर और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को ठोस निर्णय लेना चाहिए, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।