Article Body
गढ़वा प्रखंड अंतर्गत टेड़ी हरैया गांव स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना में गड़बड़ी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद यह मामला अब थाने तक पहुंच गया है, जिससे जिले की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने 8 जनवरी 2026 को आवेदन देकर विद्यालय में कई अनियमितताओं की शिकायत की थी। आरोप है कि विद्यालय में शिक्षक नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लेते हैं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि मध्याह्न भोजन योजना में भी पारदर्शिता का अभाव है और विद्यालय प्रबंधन समिति को बिना जानकारी दिए कार्य किए जा रहे हैं। इससे बच्चों के अधिकारों और उनके भविष्य पर असर पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि शिकायत के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। इसी बीच मामले को उजागर करने के लिए पत्रकार राहुल, जो “अंतिम सच” नामक प्लेटफॉर्म फेसबुक और अन्य माध्यमों पर संचालित करते हैं, मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान विद्यालय परिसर में पत्रकार और विद्यालय की संयोजिका के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष गढ़वा थाना पहुंचे और आवेदन देकर जांच की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने पर उन्हें दबाव और कार्रवाई की धमकी भी दी गई। वहीं पत्रकार राहुल का कहना है कि उन्होंने केवल जनहित में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए रिपोर्टिंग की है और उन्होंने कोई भी गलत कार्य नहीं किया है।
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की मांग तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग और प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Comments