Article Body
यवतमाल जिले के वणी तालुका स्थित शिरपुर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस वर्ष भी महाशिवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। गढ़ पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, शिरपुर में दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल देखने को मिला।
दर्शन के लिए यवतमाल, चंद्रपुर और नागपुर जिले सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और "हर-हर महादेव" के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
महाशिवरात्रि यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिभाव का माहौल देखने को मिला। देवस्थान समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। इसके अलावा यात्रा में मीना बाजार, झूले और विभिन्न दुकानों की व्यवस्था भी आकर्षण का केंद्र रही।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवकों द्वारा महाप्रसाद वितरण, स्वास्थ्य शिविर और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को काफी लाभ मिला।
पुलिस का रहा कड़ा बंदोबस्त
महाशिवरात्रि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ा बंदोबस्त किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं ने अनुशासनपूर्वक दर्शन किए और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की तथा महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

Comments