Article Body
चंद्रपुर : चंद्रपुर जिले में गोवंश तस्करी के खिलाफ सावली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फिल्मी स्टाइल में पीछा कर एक ट्रक को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 39 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया और करीब 22 लाख 90 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च की सुबह करीब 4:45 बजे सावली पुलिस की टीम रात्री गश्त पर थी। इसी दौरान व्याहाड की ओर से सावली की तरफ आ रहा टाटा कंपनी का आयशर ट्रक (क्रमांक TS-09-UB-8387) संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रक नहीं रोका और सावली पुलिस स्टेशन के सामने लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए मूल रोड के रास्ते सिंदेवाही की ओर भाग निकला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत सिंदेवाही पुलिस स्टेशन को नाकाबंदी की सूचना दी और खुद वाहन से ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। सिंदेवाही में भी आरोपी ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की। हालांकि लगातार पीछा करने और ट्रक की हेडलाइट टूट जाने के कारण सिंदेवाही शहर के बाहर चालक को ट्रक रोकना पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाबीर दाऊत अली (42 वर्ष, निवासी यशोधरा नगर रोड, नागपुर) के रूप में हुई है। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
जांच में सामने आया कि ट्रक में 39 गोवंशीय पशुओं को अत्यंत क्रूरता के साथ बिना चारा-पानी के ठूंसकर कत्तल के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी पशुओं को मुक्त कराकर उन्हें चंद्रपुर स्थित ‘प्यार फाउंडेशन’ की गोशाला में सुरक्षित भेज दिया।
पुलिस ने इस कार्रवाई में 3 लाख 90 हजार रुपये कीमत के 39 गोवंशीय पशु और 19 लाख रुपये कीमत का टाटा आयशर ट्रक जब्त किया है। इस प्रकार कुल 22 लाख 90 हजार रुपये का मुद्देमाल पुलिस ने कब्जे में लिया है।
इस मामले में सावली पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, महाराष्ट्र पशु संवर्धन अधिनियम की धारा 5(अ)9 और 11, प्राणी छळ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 11 (घ), (ड), (ज), (झ), महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 119, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान प्रतिबंधक अधिनियम 1984 की धारा 3 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 239, 177, 83 और 177 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ के मार्गदर्शन में सावली पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक प्रदीप पुल्लुरवार और पुलिस उपनिरीक्षक सचिन मुसळे सहित पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दी।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

Comments