वणी से आशीष खरोले की रिपोर्ट: पोंदार लर्न स्कूल, वणी में दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक समारोह “लक्ष्य-2.0” का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के छात्रों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रदर्शित करने का एक शानदार मंच साबित हुआ।
कार्यक्रम के पहले दिन डब्ल्यूसीएल वणी नॉर्थ के जनरल मैनेजर (ऑपरेशन) ओमप्रकाशजी फुलारे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जितेंद्र प्रसाद (एरिया एचआर मैनेजर, WCL) विशिष्ट अतिथि रहे।
दूसरे दिन के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजीवजी बोडकुरवार रहे, जबकि नगर परिषद वणी के अध्यक्ष विद्याताई खेमराजी अत्राम ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर ग्रामपंचायत मंडल के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिक और विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती पूजन के साथ की गई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ढोल-ताशा कार्यक्रम ने समारोह में विशेष उत्साह भर दिया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य भूषण अलोने ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद छात्रों ने रोबोट डांस, मिशन चंद्रयान डांस, कश्मीर रौफ डांस, माइकल जैक्सन डांस, भारतनाट्यम, देशभक्ति नृत्य, स्पोर्ट्स डांस और थीम आधारित नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
सामाजिक संदेशों से जुड़ी नाट्य प्रस्तुतियां जैसे —
“एक दिवास मोबाईल शिवाय”, “सच्चा तीर्थयात्री” और “अर्थ नीड्स ए ब्रेक” को दर्शकों ने खूब सराहा।
संगीतमय प्रस्तुतियों और समूह गीतों ने पूरे माहौल को उल्लास और आनंद से भर दिया।
इस अवसर पर आराध्या सुहास मांडवावर को डीएसओ डिविजनल लेवल शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सवरा अमित टिपले को 100% वार्षिक उपस्थिति पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थियों द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। समारोह का समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गायन और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
विद्यालय के शिक्षकों, गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों और आयोजन समिति के परिश्रम से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा।