चंद्रपुर | माता महाकाली यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी विनय गौडा जी.सी. ने महाकाली मंदिर परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चंद्रपुर की आराध्य देवी माता महाकाली के दर्शन के लिए हर वर्ष जिले के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए जाएं, ताकि भीड़ नियंत्रण में आसानी हो सके। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए और यात्रा के दौरान नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही किचन स्थल को मंदिर परिसर और दुकानों से दूर रखने तथा मंदिर के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने की बात कही गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से कतार में दर्शन करें और प्रशासन भी इसके लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करे। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि प्राथमिक उपचार की सुविधा, 24 घंटे एंबुलेंस सेवा तथा अग्निशमन सेवा यात्रा अवधि के दौरान उपलब्ध रहे।
इसके अलावा सार्वजनिक निर्माण विभाग को मंदिर परिसर में यदि कोई मरम्मत कार्य शेष हो तो उसे तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट परिसर का भी दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक मुमक्का सुदर्शन, नगर निगम आयुक्त अकुनुरी नरेश, उपविभागीय अधिकारी विशालकुमार मेश्राम, तहसीलदार विजय पवार, मनपा उपायुक्त संदीप चिद्रावार तथा माता महाकाली मंदिर ट्रस्ट के सुनील महाकाळे सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि इस बार महाकाली यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है।