चंद्रपुर जिले के मद्रावती क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द और शांति बनाए रखने को लेकर राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस (शरदचंद्र पवार गुट) के जिला अध्यक्ष रोशन कोमरेड्डीवार ने पुलिस अधीक्षक, चंद्रपुर को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर सूरज शाह नामक व्यक्ति द्वारा साझा किए गए एक वीडियो के कारण क्षेत्र में गलतफहमी और धार्मिक तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। आरोप है कि वीडियो में एक दुकानदार से जुड़े विवाद को जानबूझकर हिंदू-मुस्लिम धार्मिक रंग देने का प्रयास किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंच सकता है।
रोशन कोमरेड्डीवार ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि मद्रावती क्षेत्र में हिंदू और मुस्लिम समुदाय वर्षों से आपसी भाईचारे के साथ रह रहे हैं, और ऐतिहासिक रूप से यहां दोनों समुदाय एक-दूसरे के त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मद्रावती का इतिहास गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी सम्मान का प्रतीक रहा है।
ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि इस मामले में उचित जांच की जाए, सोशल मीडिया पर फैल रहे भ्रामक एवं उकसाने वाले कंटेंट पर सख्त कार्रवाई हो, तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सामाजिक शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
साथ ही यह भी मांग की गई है कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति भड़काऊ बयान या सामग्री साझा न करे, ताकि क्षेत्र में शांति, सद्भाव और भाईचारे का माहौल बना रहे।
यह ज्ञापन मद्रावती पुलिस स्टेशन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया।