रांची/गढ़वा: भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश कार्यालय की ओर से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री अलखनाथ पांडेय को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह पत्र दिनांक 12 फरवरी 2026 को प्रदेश महामंत्री (सांसद) डॉ. प्रदीप वर्मा द्वारा जारी किया गया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि पार्टी के संज्ञान में यह बात आई है कि श्री अलखनाथ पांडेय पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं, जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इस संदर्भ में उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे 7 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रदेश कार्यालय में प्रस्तुत करें।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है, तो पार्टी उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगी।
यह पत्र भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यालय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन, हरमू हाउसिंग कॉलोनी, रांची से जारी किया गया है। इसकी सूचना प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।
राजनीतिक हलकों में इस नोटिस को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर श्री अलखनाथ पांडेय के स्पष्टीकरण और पार्टी की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।