चंद्रपुर | दुर्गापुर, : दुर्गापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कडोली इलाके में स्थित डैम वे रिसॉर्ट में चल रहे जुआ अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व दुर्गापुर के नवनियुक्त थाना प्रभारी आईपीएस गौरव कायंदे पाटिल ने किया। पदभार संभालने के बाद उनकी यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कडोली स्थित डैम वे रिसॉर्ट में बड़े पैमाने पर रुपयों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही आईपीएस गौरव कायंदे पाटिल ने एक विशेष टीम गठित कर रिसॉर्ट पर अचानक छापेमारी की। पुलिस की इस सर्जिकल कार्रवाई से मौके पर मौजूद जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 11 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ₹83,400 नगद, करीब 5 लाख रुपये मूल्य की एक चारपहिया कार, लगभग ₹2.70 लाख कीमत की पांच मोटरसाइकिलें तथा 52 ताश के पत्ते और अन्य जुआ सामग्री बरामद की। इस तरह पुलिस ने कुल 8 लाख 53 हजार 500 रुपये का मुद्दामाल जब्त किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंध कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद आईपीएस गौरव कायंदे पाटिल ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि दुर्गापुर क्षेत्र में गुंडागर्दी, दहशतगर्दी और अवैध धंधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की पैनी नजर अब कोयला तस्करों, रेती माफियाओं और अवैध भंगार कारोबारियों पर भी बनी हुई है।
आईपीएस पाटिल की इस पहली कार्रवाई से जिले के अपराधियों और अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है।