Article Body
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत गोंदिया रेलवे स्टेशन पर एक अंतर्राज्यीय महिला गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 10 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुख्यालय से मिली सूचना के आधार पर उप-निरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में टीम ने 17 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 18109 टाटा-नितर एक्सप्रेस में चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान सुबह लगभग 09:15 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर कोच B-1, बर्थ नंबर 20 से एक महिला ट्रॉली बैग के साथ उतरते हुए संदिग्ध पाई गई। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम बिमला (पत्नी गोपीनाथ महापात्र), उम्र 53 वर्ष, निवासी बृजराजनगर, जिला झारसुगड़ा (ओडिशा) बताया।
संदेह के आधार पर जब ट्रॉली बैग की जांच की गई, तो महिला ने लॉक खोलने से इनकार किया। इसके बाद टीम ने आवश्यक प्रक्रिया का पालन करते हुए CIB और डिविजनल टास्क टीम को मौके पर बुलाया और पंचों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से कुल 10 किलो 335 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 16 हजार 750 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक रियलमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए।
पूरी कार्रवाई के दौरान फोटो एवं वीडियो ग्राफी की गई और NDPS एक्ट की धारा 42(1)(2) के तहत जप्ती पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद महिला आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए शासकीय रेल पुलिस (GRP) गोंदिया को सुपुर्द कर दिया गया।
GRP गोंदिया ने इस मामले में FIR नंबर 10/26 दर्ज कर NDPS एक्ट 1985 की धारा 8(c) और 20(b)(ii) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Comments