Article Body
चंद्रपुर: पडोली ग्राम पंचायत में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जीवित महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित किए जाने का आरोप लगा है। इस संबंध में NSUI चंद्रपुर के जिला अध्यक्ष शफक इसाक शेख ने पडोली पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में कहा गया है कि ग्राम पंचायत पडोली में जीवित महिला सौ. सुगंधा बाई वसंत मडावे को शासकीय नोंद में मृत दर्शाकर मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार किया गया। यह घटना अत्यंत गंभीर और प्रशासनिक अनियमितता का मामला बताया गया है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि संबंधित सरपंच, ग्रामसेवक एवं अन्य शासकीय अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है। मृत्यु प्रमाणपत्र पर ग्रामसेवक के हस्ताक्षर और नाम दर्ज होने के बावजूद बाद में जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का प्रयास किया गया।
शिकायत के अनुसार, इस मामले की प्राथमिक जांच गट विकास अधिकारी (BDO) स्तर पर की गई है, जिसमें कई विसंगतियां सामने आई हैं। विशेष रूप से, कथित मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर संबंधित महिला का बैंक खाता बंद किए जाने की कार्रवाई भी की गई, जिससे इस दस्तावेज को सरकारी स्तर पर वैध मान लिया गया था।
NSUI ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर अपराध बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comments