Article Body
चंद्रपुर शहर में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्थानीय गुन्हे शाखा (Local Crime Branch) चंद्रपुर की टीम द्वारा की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि चंद्रपुर शहर थाना क्षेत्र के रहमत नगर वॉर्ड, मसीहा लॉन के पास एक व्यक्ति अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका T-20 क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है।
सूचना के आधार पर स्थानीय गुन्हे शाखा की टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां एक आरोपी मोबाइल पर लाइव मैच के दौरान ऑनलाइन जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन और ऑनलाइन जुए से संबंधित स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 20,000 रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी सय्यद हरीश उर्फ बिट्टू मुकद्दर अली (30 वर्ष, निवासी रहमत नगर, चंद्रपुर) समेत इरफान कुरेशी (निवासी हवेली गार्डन, चंद्रपुर) और अफजल शेख (निवासी नागपुर) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपियों के खिलाफ पुलिस स्टेशन चंद्रपुर शहर में अपराध क्रमांक 287/26 के तहत महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12(A) एवं BNS की धारा 49 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ खेलने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments