Article Body
चंद्रपुर से आशीष खरोले की रिपोर्ट : पुलिस स्टेशन पडोली क्षेत्र अंतर्गत एमआईडीसी चिंचाला स्थित इंजीनियरिंग वर्कशॉप से वेल्डिंग मशीन का रोलिंग हैंडल चोरी होने का मामला 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया। पुलिस ने चोरी की गई सामग्री बरामद करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 11 फरवरी 2026 को फिर्यादी राजेश वाघलु (उम्र 43 वर्ष), निवासी राजुरा वार्ड, चंद्रपुर ने शिकायत दर्ज कराई कि एमआईडीसी चिंचाला स्थित कार्तिक इंजीनियरिंग वर्कशॉप से वेल्डिंग मशीन का रोलिंग हैंडल चोरी हो गया है। चोरी गए माल की कीमत लगभग 80,000 रुपये बताई गई। इस संबंध में पुलिस स्टेशन पडोली में अपराध क्रमांक 131/2026 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मुम्मका सुदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक इश्वर काटकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश हिवसे के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान गुप्त सूचना मिली कि एमआईडीसी क्षेत्र से चोरी की गई सामग्री हनुमान नगर नायर पेट्रोल पंप के पास लाई गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की।
आरोपियों की पहचान प्रेम लांडे (उम्र 19 वर्ष), निवासी हनुमान नगर, चंद्रपुर के रूप में हुई। उनके कब्जे से 80,000 रुपये मूल्य का रोलिंग हैंडल तथा चोरी में उपयोग की गई टीवीएस कंपनी की NTORQ (एमएच-34-सीके-4195) दोपहिया वाहन जब्त किया गया। कुल जब्त माल की कीमत लगभग 1,60,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री मुम्मका सुदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक इश्वर काटकड़े और उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में की गई। जांच टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश हिवसे, पोहवा विनोद वानखेडे, पोहवा प्रतीक हेमके, पोहवा चिरज भोयर, पोहवा समीर खांडे और पोहवा श्रीनिवास वाभिटकर शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments