चंद्रपुर: घुग्घूस थाना क्षेत्र के पांढरकवडा स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम मशीन को तोड़कर करीब 10 लाख 92 हजार 800 रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी में प्रयुक्त महिंद्रा कंपनी की बोलेरो चारपहिया वाहन को राजस्थान राज्य से जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 सितंबर 2025 को मौजा पांढरकवडा स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम मशीन को अज्ञात आरोपियों द्वारा तोड़कर उसमें रखी कुल 10,92,800 रुपये की नकदी चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में पुलिस स्टेशन घुग्घूस में अपराध क्रमांक 184/2025 भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4) और 334(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस टीम हरियाणा और राजस्थान राज्य के मेवात क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान आरोपियों द्वारा अपराध में उपयोग की गई महिंद्रा बोलेरो वाहन को बरामद कर लिया गया।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी
आगे की कार्रवाई में पुलिस टीम ने पुनः मेवात क्षेत्र में दबिश दी और फरार आरोपी शैकुल उन्नस खान (उम्र 26 वर्ष), निवासी सावलेर, तहसील पहाड़ी, जिला भरतपुर (राजस्थान) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय, चंद्रपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य साथियों और चोरी की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक प्रकाश राऊत, थाना प्रभारी, पुलिस स्टेशन घुग्घूस, जिला चंद्रपुर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निम्न अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे:
सहायक पुलिस प्रफुल विलास डाहुले
पुलिस हवलदार विशाल हुड (ब.नं. 2508)
पुलिस हवलदार अनिल बैठा (ब.नं. 2509)
पुलिस शिपाई प्रसन्नजित डोर्लीकर (ब.नं. 2823)
पुलिस शिपाई रविंद्र वाभिटकर (ब.नं. 1150)
पुलिस शिपाई नितीन मराठे (ब.नं. 643)
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।