Article Body
चंद्रपुर जिले के राजुरा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन जुआ के खिलाफ स्थानीय गुन्हे शाखा (Local Crime Branch) ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज के बीच खेले जा रहे मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए पकड़े गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि राजुरा क्षेत्र में महात्मा फुले हाईस्कूल के सामने कुछ लोग मोबाइल के जरिए ऑनलाइन जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान श्रेयस पंढरी सातपुते (19 वर्ष, निवासी जवाहर नगर, राजुरा) और सुजल मुक्तेश्वर वाढई (21 वर्ष, निवासी देशपांडे वाड़ी, राजुरा) को मौके से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से जिम्बाब्वे बनाम वेस्ट इंडीज मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 60,000 रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साथ ही ऑनलाइन जुआ से संबंधित स्क्रीनशॉट भी सबूत के रूप में कब्जे में लिए गए हैं।
इस मामले में पुलिस स्टेशन राजुरा में अपराध क्रमांक 281/26 के तहत महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12(A) तथा BNS की धारा 49 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Comments