Article Body
जिले में नकली नोट बनाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए Maharashtra Police की Local Crime Branch Chandrapur ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापा मारकर करीब 91 लाख 15 हजार रुपये मूल्य की 500 रुपये की रंगीन छायांकित नकली नोटें और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को स्थानीय अपराध शाखा की टीम चंद्रपुर शहर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि उर्जानगर मेजर गेट के पास स्थित राजश्री अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 203 में कुछ लोग अवैध रूप से 500 रुपये के नोटों की रंगीन छायांकित नकली नोटें तैयार कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा, लेकिन फ्लैट बंद मिला। इसके बाद फ्लैट मालिक सुमित कालीपथ पॉल (निवासी बंगाली कैंप, चंद्रपुर) को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह फ्लैट करीब एक महीने पहले मध्यप्रदेश के कुछ लोगों को किराए पर दिया था।
पंचों की मौजूदगी में फ्लैट का ताला तोड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बेडरूम में रखे 10 बॉक्स में भारतीय मुद्रा जैसी दिखने वाली 500 रुपये की रंगीन छायांकित नकली नोटें, एक EPSON कंपनी का कलर प्रिंटर और अन्य उपकरण बरामद किए गए। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 91,15,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गुप्त रूप से जांच कर मामले में आरोपी शुभम दिनेश नागर (26 वर्ष), निवासी पंचेड, तहसील रतलाम, जिला रतलाम, मध्यप्रदेश को हिरासत में लिया। आरोपी पर फर्जी नोट बनाकर लोगों से धोखाधड़ी करने का आरोप है।
इस मामले में Durgapur Police Station Chandrapur में अपराध क्रमांक 196/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(2), 318(3), 336(2), 336(3) और 182(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच दुर्गापुर पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक Mummaka Sudarshan, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Ishwar Katkade के मार्गदर्शन में की गई। ऑपरेशन में उपविभागीय पुलिस अधिकारी Pramod Chougule, परिविक्षाधीन पुलिस अधीक्षक गौरव कायंदेपाटील तथा स्थानीय अपराध शाखा और दुर्गापुर पुलिस स्टेशन की टीम शामिल रही।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Comments